शिक्षा, संघर्ष और संगठन से पूरा होगा बाबा साहब का सपना – रामविलास यादव

शिक्षा, संघर्ष और संगठन से पूरा होगा बाबा साहब का सपना – रामविलास यादव
S4 न्यूज़ नेटवर्क संवाददाता
रायबरेली। देश के संविधान निर्माता, सामाजिक न्याय के महान पुरोधा, भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में रायबरेली जिले में कई स्थानों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए।सुबह अम्बेडकर तिराहा स्थित हाथी पार्क में बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। स्थानीय कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके आदर्शों को याद किया। इसके पश्चात् भुएमऊ रायबरेली में बजरंगी गौतम के नेतृत्व में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाबा साहब के जीवन पर आधारित गीत, कविताएं और नाट्यांश प्रस्तुत किए गए। इसका मुख्य उद्देश्य सामाजिक चेतना जगाना तथा बाबा साहब के विचारों, संविधान की भावना और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था।

स्वराज इंडिया जिलाध्यक्ष रामविलास यादव ने संबोधित करते हुए कहा, “आज हम बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की 135वीं जयंती मना रहे हैं। बाबा साहब ने इस देश को विश्व का सबसे बड़ा संविधान देकर समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व की नींव रखी। उन्होंने समाज के सबसे पिछड़े, दलित, शोषित और वंचित वर्गों को शिक्षा, अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।
आज के इस अवसर पर हम सबको संकल्प लेना चाहिए कि हम बाबा साहब के दिए हुए तीन मंत्र — शिक्षित होइए, संघर्ष करिए और संगठित होइए — को अपने जीवन में उतारेंगे। हमें जाति, धर्म, क्षेत्र और भाषा से ऊपर उठकर एकजुट होना होगा। शिक्षा ही वह हथियार है जो किसी भी व्यक्ति को गुलामी से मुक्त कर सकता है। हम सब मिलकर बाबा साहब के सपनों का भारत बनाने का प्रयास करेंगे।”
मुख्य आयोजक बजरंगी गौतम ने कहा, “बाबा साहब के विचार आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। हमने यह कार्यक्रम इसलिए आयोजित किया है ताकि नई पीढ़ी उनके संघर्ष, त्याग और दूरदर्शिता को समझ सके। सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से हम उनके संदेश को और अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं। शिक्षा और जागरूकता के बिना सामाजिक न्याय संभव नहीं हैl”
प्रो. गौरा इंटर कॉलेज के डॉ. सुनील दत्त ने कहा, “बाबा साहब ने शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताया था। आज युवा विद्यार्थियों को न केवल डिग्री हासिल करने बल्कि सामाजिक न्याय और समानता के मूल्यों को आत्मसात करने की जरूरत है। हमें बाबा साहब के दिखाए मार्ग पर चलकर खुद को और समाज को मजबूत बनाना चाहिए।”
कार्यक्रम में डॉ. डी. बी. कुशवाहा (कार्यकारी अध्यक्ष, लखनऊ मण्डल, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा), कैप्टन संजय जी, योगेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




