वीरता को नमन ; हवलदार अनिल कुमार सिंह तोमर, शौर्य चक्र (मरणोपरांत)

S4 न्यूज़ नेटवर्क संवाददाता
वीरता को नमन ; हवलदार अनिल कुमार सिंह तोमर, शौर्य चक्र (मरणोपरांत)
उत्तर प्रदेश के जनपद मेरठ के सिसौली गांव के निवासी हवलदार अनिल कुमार सिंह तोमर, शौर्य चक्र (मरणोपरांत) के वीरगति दिवस पर उन्हें कोटिश नमन।
हवलदार अनिल कुमार सिंह तोमर का जन्म उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सिसौली गांव में श्रीमती कुसुम तोमर और श्री भोपाल सिंह तोमर के यहां हुआ था। वह 2001 में सेना की राजपूत रेजीमेंट में भर्ती हुए और प्रशिक्षण पूरा करने के पश्चात वह 23 राजपूत बटालियन में तैनात हुए। बाद में उनकी अस्थायी तैनाती 44वीं राष्ट्रीय राइफल्स में हुई।
सन् 2020 में 44 राष्ट्रीय राइफल्स जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में तैनात थी। 25 दिसंबर 2020 को शोपियां में आतंकियों के विरुद्ध सेना द्वारा चलाए गये आपरेशन में हवलदार अनिल कुमार सिंह तोमर अपनी टोली का नेतृत्व करते हुए घायल हो गए। घायल होने के बावजूद उन्होंने दो आतंकवादियों को मार गिराया। घायल अवस्था में उन्हें 92 बेस अस्पताल ले जाया गया जहां 28 दिसंबर 2020 को वह वीरगति को प्राप्त हो गए। उनकी वीरता और कर्तव्यपरायणता के लिए उन्हें मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया।
उनके परिवार में उनके माता-पिता , उनकी पत्नी श्रीमती मीनू सिंह तोमर,बेटी तान्या तोमर और एक बेटा है।
हवलदार अनिल कुमार सिंह तोमर जी के वीरगति दिवस पर “सैनिक समाचार सेवा” उन्हें तथा उनके परिजनों को नमन करता है और सदैव परिवार के साथ खड़ा रहने का वादा करता है।




